वार्ड 22 विजय नगर–कालेवाड़ी में ‘सागर तापकीर को मिल सकता है बड़ा अवसर?
कालेवाड़ी | प्रतिनिधि
आगामी पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका चुनाव 2026 की पृष्ठभूमि में वार्ड क्रमांक 22 (विजयनगर–कालेवाड़ी) में सागर तापकीर मित्र परिवार एवं स्थानीय नागरिकों का स्नेह मिलन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के युवा, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस स्नेह मिलन में सागर तापकीर ने उपस्थित नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद साधते हुए वार्ड की बुनियादी समस्याओं, युवाओं के लिए राजनीतिक व सामाजिक अवसर, विकास की दिशा और अपनी भावी राजनीतिक भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, “राजनीति केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को सुलझाने का दायित्व है।”
समारोह में उपस्थित अनेक नागरिकों और मित्रों ने सागर तापकीर की कार्यशैली, आम लोगों से सीधा संपर्क, जमीनी स्तर पर संवाद और एक पढ़े-लिखे, युवा चेहरे के रूप में उनकी पहचान पर भरोसा जताया। नागरिकों का कहना था कि क्षेत्र को ऐसे ही सक्रिय और संवेदनशील नेतृत्व की आवश्यकता है।
इस अवसर पर पूर्व विपक्षी नेता मा. मच्छिंद्र (तात्या) तापकीर और पूर्व नगरसेविका अनिता तापकीर द्वारा वार्ड 22 में किए गए विकास कार्यों का भी विशेष उल्लेख किया गया। उपस्थित नागरिकों ने भावना व्यक्त करते हुए कहा कि, “मच्छिंद्र तापकीर और अनिता तापकीर के कार्यों की यही सच्ची पावती है कि सागर तापकीर को आगे बढ़ने का बड़ा अवसर मिलना चाहिए।”
कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि स्नेह मिलन में शामिल अनेक मित्र परिवार के सदस्यों ने एक स्वर में कहा, “हम सागर तापकीर के लिए केवल कार्यकर्ता के रूप में नहीं, बल्कि स्वयं उम्मीदवार मानकर काम करेंगे।” इस एकजुट संकल्प ने यह स्पष्ट कर दिया कि वार्ड 22 में सागर तापकीर के इर्द-गिर्द एक मजबूत और संगठित राजनीतिक वातावरण तैयार हो रहा है।
युवाओं को राजनीति में अवसर मिलना चाहिए, स्वच्छ, पारदर्शी और विकासोन्मुख नेतृत्व आगे आना चाहिए—इन मुद्दों पर सभी की सहमति बनी। यही कारण है कि यह स्नेह मिलन केवल एक सामाजिक आयोजन न रहकर आगामी मनपा चुनाव के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।
कुल मिलाकर, वार्ड 22 में सागर तापकीर का नाम अब सिर्फ चर्चा तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि भरोसे, राजनीतिक विरासत और युवा शक्ति के सहारे उभरते नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है।


