महानगरपालिका का ‘अभिजात मराठी भाषा सप्ताह’ 3 से 9 अक्टूबर तक; नाटक, लावणी, कवि सम्मेलन और संगीत कार्यक्रमों की मेजवानी
पिंपरी, 4 अक्टूबर – मराठी भाषा की समृद्ध विरासत, साहित्यिक परंपरा और सांस्कृतिक वैभव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका की ओर से 3 से 9 अक्टूबर तक ‘अभिजात मराठी भाषा सप्ताह’ का आयोजन किया गया है। शहर के विभिन्न नाट्यगृहों में नाटक, एकांकिका, कवि सम्मेलन, परिसंवाद, अभंग-भक्तिगीत, लावणी और संगीत कार्यक्रमों की मेजवानी नागरिकों को देखने को मिलेगी। सभी कार्यक्रमों में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
प्रा. रामकृष्ण मोरे प्रेक्षागृह, चिंचवड में पारंपरिक वाद्यों की गूंज के बीच सप्ताह का शुभारंभ होगा। सनई, हलगी और संबळ वादन के साथ गणेश वंदना, कथक और लावणी की जुगलबंदी प्रस्तुत की जाएगी। प्रसिद्ध संगीतकार पं. हृदयनाथ मंगेशकर का विशेष सम्मान तथा उनके गीतों पर आधारित संगीत कार्यक्रम इस समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
ग. दि. माडगूळकर नाट्यगृह, आकुर्डी में महानगरपालिका के स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए समूह नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई है। प्रसिद्ध लोकगायक नंदेश विठ्ठल उमप* के ‘मी मराठी’ कार्यक्रम के माध्यम से महाराष्ट्र की लोककला और परंपरा का दर्शन नागरिकों को होगा।
नाट्यप्रेमियों के लिए ‘ऑल द बेस्ट’, ‘वरवरचे वधूवर’, ‘पहिली लग्नाची दुसरी प्रेमाची’, ‘नियम व अटी लागू’, ‘भ्रमाचा भोपळा’, ‘लयपंचमी’ सहित विभिन्न नाटकों की विशेष मेजवानी होगी। प्रसिद्ध अभिनेता *भाऊ कदम, स्वप्नील जोशी और विदुला चौगुले के शानदार अभिनय से कार्यक्रमों में और रंग भर जाएगा।
सांगवी स्थित नटरंगमाट जिणे फुले नाट्यगृह में ‘अभंगवारी’, ‘सूर वेली’, ‘फोक लावणी’ और ‘स्वर मराठी मनाचा’ जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं के लिए विशेष लावणी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है।
मराठी साहित्य प्रेमियों के लिए स्थानीय कवियों का *कवि सम्मेलन, गजल मुशायरा, कथाकथन, अभिवाचन तथा ‘मराठी साहित्याचे विश्व’ विषय पर परिसंवाद आयोजित किया जाएगा। छायाचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से मराठी संस्कृति के विभिन्न पहलुओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
9 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के साथ इस सांस्कृतिक सप्ताह का समापन होगा। मराठी भाषा की मिठास और समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाले इस विशेष उपक्रम में नागरिकों से बड़ी संख्या में सहभागी होने का आह्वान महानगरपालिका की ओर से किया गया है।

