एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब सिर्फ आईटी कंपनियों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में इसका उपयोग खेती, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। इसके कारण बड़े बदलाव और एक नई क्रांति देखने को मिल रही है। पहले एआई तकनीक केवल शहरों और आईटी कंपनियों तक ही सीमित थी, लेकिन अब इसका उपयोग गांवों में भी होने लगा है। गांवों के विकास के लिए एआई का इस्तेमाल किया जा रहा है और यह तकनीक धीरे-धीरे ग्रामीण जीवन तक पहुंच रही है।
महाराष्ट्र के कई ग्रामीण क्षेत्रों में किसान, विद्यार्थी और शिक्षक इस तकनीक के माध्यम से नई संभावनाओं की तलाश कर रहे हैं। इन सभी बदलावों के कारण ग्रामीण जीवन अधिक स्मार्ट, सुविधाजनक और जानकारीपूर्ण बनता जा रहा है।
एआई के माध्यम से माइक्रोसॉफ्ट और इंटरनेशनल क्रॉप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर द सेमी-एरिड ट्रॉपिक्स (ICRISAT) जैसी संस्थाओं द्वारा कृषि परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके जरिए किसानों को यह जानकारी मिलती है कि बारिश कब होगी, फसलों पर रोग आने की संभावना है या नहीं, कितना खाद देना चाहिए और पानी का सही प्रबंधन कैसे किया जाए।
वहीं, विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में डिजिटल क्लासरूम और ऑनलाइन शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो रही है। कुछ जगहों पर मोबाइल ऐप्स की मदद से बीमारियों का प्राथमिक निदान किया जाता है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता मोबाइल के माध्यम से जानकारी भेजते हैं और डॉक्टर दूर से ही सलाह दे सकते हैं।
इस प्रकार, एआई अब केवल शहरों तक सीमित तकनीक नहीं रहा, बल्कि गांवों के विकास के लिए एक बड़ी अवसर के रूप में उभर रहा है।


